रायपुर , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस आंतरिक गुटबाजी और नेतृत्व संकट से जूझ रही है तथा बघेल का राजनीतिक प्रभाव लगातार कम हो रहा है।

श्री पाण्डेय ने बुधवार को जारी अपने बयान में कहा कि कभी प्रदेश की राजनीति में प्रभावशाली माने जाने वाले भूपेश बघेल आज अपनी ही राजनीतिक जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि बघेल की स्थिति यह है तो कांग्रेस के अन्य नेताओं की राजनीतिक स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को "आईना" भेजने वाले बघेल को अब उनकी ही पार्टी के नेता "आईना दिखा रहे हैं।" श्री पाण्डेय ने कहा कि युवक कांग्रेस के चुनाव में सामने आए घटनाक्रम से कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी उजागर हुई है। उनका दावा है कि कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा बघेल समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ प्रत्याशी उतारना इस बात का संकेत है कि पार्टी के भीतर बघेल के नेतृत्व को चुनौती मिल रही है।

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश को "लूटने" और उसे "एटीएम" की तरह इस्तेमाल करने वाले नेताओं को अब जनता के साथ-साथ अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अंतर्कलह और गुटबाजी चरम पर है तथा पार्टी के नेता एक-दूसरे के राजनीतिक आधार को कमजोर करने में लगे हैं। श्री पाण्डेय ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया था और अब पार्टी के भीतर की खींचतान ने उसकी स्थिति और कमजोर कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में नेतृत्वहीन और दिशाहीन हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित