नेपीडा , मई 01 -- म्यांमार की सैन्य अधिकारियों ने देश की प्रमुख नेता आंग सान सू की को जेल से निकाल कर घर में नजरबंद कर दिया है। सरकारी मीडिया ने आधिकारिक बयानों के हवाले से बताया कि कैदियों को दी गई माफी के तहत उनकी सजा में कटौती के बाद यह फैसला लिया गया है।

देश में सत्तासीन जुंटा प्रमुख मिन आंग हलिंग ने कथित तौर पर 80 वर्षीय नोबेल पुरस्कार विजेता सू की की सजा का कुछ हिस्सा कम कर दिया है और आदेश दिया है कि शेष सजा एक तयशुदा निवास स्थान पर काटी जाएगी। सुश्री सू की पिछले लगभग पांच वर्षों से जेल में थीं। उन्हें एक फरवरी, 2021 को उस समय गिरफ्तार किया गया था जब म्यांमार की सेना ने उनकी निर्वाचित सरकार को सत्ता से बेदखल कर देश का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया था। तब से वह सैन्य हिरासत में हैं और इस दौरान उन्हें सार्वजनिक रूप से बहुत कम देखा गया है।

सरकारी प्रसारक 'एमआरटीवी' के अनुसार, उनकी सजा का शेष हिस्सा अब जेल के बजाय घर में नजरबंदी के रूप में पूरा होगा। सैन्य सूचना विभाग ने भी इस कदम की पुष्टि की है, हालांकि उनके सटीक स्थान का खुलासा नहीं किया गया है। इसी बीच सुश्री सू की की एक नई तस्वीर भी जारी की गई है, जिसमें वह सफेद कपड़ों में एक लकड़ी के बेंच पर बैठी नजर आ रही हैं। उनके सामने दो अधिकारी मौजूद हैं, जिनमें से एक पुलिस की वर्दी में है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह तस्वीर कब और कहां ली गई है।

बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भी उनकी सजा में कुछ कमी की गई है। वर्ष 2022 में उन्हें कई मामलों में कुल 33 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, जिसे मानवाधिकार समूहों ने राजनीति से प्रेरित बताया था। बाद में की गई कटौतियों के बाद उनकी कुल सजा अब 18 वर्ष रह गई है। उन्हें अभी भी लगभग 13 साल की सजा काटनी है, लेकिन अब वह इसे जेल के बजाय घर में नजरबंद रहकर पूरा करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित