बैतूल , सितंबर 23 -- भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित घर-आंगन मिलन कार्यक्रम को लेकर बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय विजय भवन में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों पर सेवा कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनका सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सेवा भाजपा का मूल मंत्र है और सेवा को सम्मान देना ही सच्ची जनसेवा है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक परिवारों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री ममता मालवी ने कहा कि महिलाएं आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए खिलौने और पौष्टिक आहार जुटाकर जनभागीदारी बढ़ा सकती हैं। संभाग प्रभारी ज्योति धुर्वे ने महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

जिला संयोजक इंद्रपाल पुण्डे ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता देशमुख ने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर सेवा कार्यों का लाभ बच्चों तक पहुंचाने के लिए अभियान को सफल बनाया जाएगा। बैठक का संचालन लाजवंती नागले ने किया और आभार रश्मि साहू ने माना।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित