यमुनानगर , सितंबर 02 -- हरियाणा में यमुनानगर के आंगनवाड़ी हेल्पर वर्कर यूनियन 1442 के बैनर तले पीओ ऑफिस में चल रहा धरना आज दूसरे दिन भी जारी रहा। आज धरने की अध्यक्षता उप प्रधान रीता कटियाल ने की।
यूनियन नेताओं ने बताया कि हेल्परों की सैलरी का सेंटर शेयर नवंबर 2025 से और वर्करों का सेंटर शेयर जनवरी 2026 से बकाया है। गैस सिलेंडर और वर्दी के पैसे पिछले तीन साल से नहीं आये हैं। फ्लेक्सी फंड जो 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये किया गया था, वह भी डेढ़ साल से नहीं दिया गया। आंगनवाड़ी कम क्रेच का किराया भी डेढ़ साल से बकाया है। सीबीई के पैसे 2023 तक ही दिये गये हैं, जबकि हर महीने दो बैठकें करने के लिए बाध्य किया जाता है।
वर्कर्स ने आरोप लगाया कि जब भी अधिकारियों से बात की जाती है, तो कहा जाता है कि बजट नहीं है। अधिकारियों की सैलरी एक या दो तारीख को आ जाती है, तब बजट की कमी नहीं पड़ती। हालांकि 45 सालों में पहली बार एक सितंबर को स्टेट की सैलरी खाते में डाली गयी है।
यूनियन ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि जब तक बकाया भुगतान खातों में नहीं आता, तब तकवे पोषण ट्रैकर पर भी अपना सेंटर ओपन नहीं करेंगी और धरना जारी रखेंगी।
आज के धरने में जगाधरी ग्रामीण से ओम देवी, रेमन, सुषमा, पूनम और जगाधरी शहरी से प्रधान सुनीता, उप प्रधान अंग्रेजो, प्रीति, आशा, नेहा, गुरप्रीत, सुनीता, सीनम, वंदना सहित लगभग 250 वर्कर और हेल्पर मौजूद रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित