यमुनानगर , सितंबर 21 -- हरियाणा के यमुनानगर में आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर यूनियन पंजीकृत 1442 के बैनर तले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का धरना सोमवार को 21 वें दिन भी जारी रहा।

धरने पर बैठी कार्यकर्ताओं सीमा और सुगंधा ने कहा कि विभाग और सरकार के कड़े रवैये से कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।

उन्होंने कहा कि उनकी कोई नयी मांग नहीं है, वे केवल वह राशि मांग रही हैं, जो उन्होंने पिछले दो वर्षों के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों को सुचारू रूप से चलाने के लिए स्वयं वहन की है।

यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि आंगनवाड़ी-सह-क्रेच केंद्रों की कार्यकर्ताओं को पिछले 17 महीनों से किराया नहीं मिला है। हर बार केवल बिल बनने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन खातों में राशि नहीं आ रही है।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अभी तक उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण है, लेकिन बकाया भुगतान नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

धरने को आज किसान पार्टी के श्याम सिंह और आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता ने समर्थन दिया। यूनियन ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन किसी राजनीतिक दल से संबद्ध नहीं है।

धरने में सीमा, सुगंधा, सुमित, आशा, गुलशन, सुनीता, निर्मला, अंजू, नीरू, अंग्रेजो, वंदना, सरोज और रितु गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित