चंडीगढ़ , फरवरी 27 -- पंजाब राज्य खाद्य आयोग की पहल पर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक की गयी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा, पोषण और सामाजिक कल्याण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।
बैठक में पंजाब राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष बाल मुकंद शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ, जिसमें सदस्य श्री विजय दत्त और श्री चेतन प्रकाश धालीवाल उपस्थित थे। इसके अलावा, सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह और निदेशक शीना अग्रवाल विशेष रूपसे उपस्थित रहे।
डॉ. कौर ने खाद्य सुरक्षा और पोषण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिये कि सरकार की खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र संस्थानों को प्रति व्यक्ति 15 किलोग्राम अनाज रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि यह सुविधा पिंगलवाड़ा संस्थानों, वृद्धाश्रमों, शेल्टर होम, मान्यता प्राप्त कल्याणकारी संस्थानों, अनुसूचित जाति की छात्राओं के छात्रावासों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के स्कूलों को निरंतर मिलती रहनी चाहिए। बैठक में वृद्धाश्रमों में रह रहे पात्र वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन प्रदान करने और पिंगलवाड़ा सहित गैर-मान्यता प्राप्त संस्थानों के निवासियों को मिड-डे मील योजना का लाभ देने पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
आयोग के अध्यक्ष बाल मुकंद शर्मा ने मरम्मत और अपग्रेडेशन की आवश्यकता वाले आंगनवाड़ी केंद्रों का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में मंत्री ने सार्वजनिक हित में उपलब्ध धन का प्रभावी और समय पर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय पर जोर दिया। इसके अलावा, न्यूट्रीशन गार्डन योजना के तहत किचन गार्डन और हर्बल गार्डन विकसित करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण देने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए उन्हें मोबाइल फोन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित