देहरादून/रुड़की , मार्च 05 -- उत्तराखंड में आंगनबाड़ी केंद्रों पर आपूर्ति की जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने गुरुवार को रुड़की के माड़ी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान गोदाम में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को गोदाम में कई खाद्य सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध मिली। खजूर और केले के चिप्स के पैकेटों पर अंकित मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई, जबकि कई पैकेटों पर यह जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज ही नहीं थी। कुछ पैकेटों पर छपी हुई तिथि की जगह स्टैंप से तिथि अंकित मिली, जिसे जिलाधिकारी बंसल ने गंभीर लापरवाही माना।

जांच में यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी में तैयार किए गए अंडे और अन्य खाद्य सामग्री मार्च में आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजी जा रही थी। जिलाधिकारी ने इसे बच्चों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

छापेमारी के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक भी काम करते हुए पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने गोदाम स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी पाया गया कि गोदाम का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा था। गोदाम में खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए तापमान नियंत्रित रखने की कोई व्यवस्था नहीं थी।

निरीक्षण के दौरान रजिस्टर अद्यतन नहीं मिले और आपूर्ति की जा रही सामग्री के गुणवत्ता प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इसी बीच आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए राशन लेकर टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला जाने वाले वाहनों को भी जिलाधिकारी ने मौके पर ही रुकवा लिया और उनमें लदी सामग्री के नमूने लेने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी बंसल ने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और धात्री महिलाओं को दी जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव और कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित