पौड़ी , सितंबर 18 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल में सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अभिभावकों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को किट वितरित की गईं।

अतिकुपोषित बच्चों को पोषण पोटली तथा छोटे बच्चों की माताओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से रंग जमाया। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के साथ बच्चों और महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम ने महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य जांच कर स्वच्छता, संतुलित आहार और स्वास्थ्य देखभाल संबंधी जानकारी दी।

वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं के बारे में अभिभावकों को जागरूक किया। कार्यक्रमों के माध्यम से महिला एवं बाल विकास योजनाओं की पहुंच समुदाय तक बढ़ाने और लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित