रायपुर , नवंबर 14 -- छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शनिवार को कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ एवं सुपोषित भविष्य की नींव रखने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
श्री राजवाड़े रायपुर के सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केवल एक केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला है। यहां कार्यरत कार्यकर्ता और सहायिकाएं छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की शिल्पकार हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मी गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी उनकी सेवाओं से महिलाओं और बच्चों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंच रही हैं।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण तथा कुपोषण की समस्या दूर करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और 'हर घर मुनगा' जैसी पहलों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को समुचित पोषण और गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
समारोह में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली। मंत्री ने सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके परिश्रम, समर्पण और सेवाभाव की पहचान है।
इस अवसर पर राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति शैल महेंद्र साहू और जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित