रेवाड़ी , अक्टूबर 17 -- स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने हरियाणा सरकार से अहीरवाल क्षेत्र में सरसों और गेहूं की बिजाई के लिए पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सरसों की बिजाई शुरू हो चुकी है, जबकि एक सप्ताह बाद गेहूं की बिजाई भी शुरू होने वाली है। इसके बावजूद किसानों को पर्याप्त डीएपी खाद नहीं मिल रहा है।
विद्रोही ने चेतावनी दी कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से बिजाई प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में किसानों को या तो बिजाई टालनी पड़ेगी या निजी व्यापारियों से महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ेगा, जिससे आर्थिक नुकसान किसानों को ही उठाना पड़ेगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाती। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर हरियाणा के बजाय दूसरे राज्यों और विदेशों के दौरों में अधिक समय बिताने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित