रायपुर , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वन मंत्री केदार कश्यप सहित विभिन्न नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

विधायक कोर्सेवाड़ा का हैदराबाद में उपचार के दौरान आज निधन हो गया। उनके निधन को प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए बड़ी क्षति बताते हुए नेताओं ने जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन की सूचना से वह स्तब्ध हैं। सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा उनकी विशेष पहचान थी। वह क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाया और उनके निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए। उनका निधन जनसेवा और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कोर्सेवाड़ा ने अपना राजनीतिक जीवन समाज के वंचित और अंतिम पंक्ति के लोगों के कल्याण के लिए समर्पित किया। अनुसूचित वर्ग सहित समाज के विभिन्न वर्गों के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय रही। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और क्षेत्र के विकास में योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार ने एक अभिभावक तुल्य वरिष्ठ नेता को खो दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी कोर्सेवाड़ा के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित