प्रयागराज, फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अतीक अहमद के करीबियों ने डेयरी संचालक से 5 लाख रंगदारी मांगी। विरोध करने पर उसे मारा-पीटा। लात घूंसों और थप्पड़ से ही नहीं बल्कि ईट से भी हमला किया। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित की ओर से पूरामुफ्ती थाने में तहरीर दी गई है। हालांकि फिलहाल पुलिस ने तहरीर मिलने से इनकार किया है। मोहम्मद कमरुल पुरामुफ्ती के इब्राहिमपुर उमरी का रहने वाला है। वह झपिया गांव में आईटीबीपी कैंप के पास डेरी का संचालन करता है। उसने बताया कि मंगलवार शाम को रोज की तरह डेरी पर ही काम कर रहा था कि तभी उमरी और बमरौली गांव के रहने वाले तीन युवक अपने चार-पांच अज्ञात साथियों के साथ तीन कारों पर सवार होकर वहां पहुंचे।

आरोप है कि युवकों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और धमकाकर उसे बुलाया। जब वह उनके पास गया तो उन लोगों ने उससे पाँच लाख रुपये मागे और सभी मिलकर उसे पीटने लगे। लात घूंसों और थप्पड़ के साथ उस पर ईंट से भी हमला किया। जमकर पिटाई करने के बाद हमलावर धमकी देते हुए चले गए। धमकाया कि कल से डेरी में दिखे तो जान से मार देंगे। हमलावरों में से एक युवक पूरामुफ्ती थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह उमरी का रहने वाला है और अतीक अहमद के कुख्यात शूटर आबिद प्रधान का रिश्तेदार है। हमलावरों में शामिल एक अन्य युवक 2 साल पहले हत्या कर शव फंदे पर लटकाने के मामले में जेल भेजा गया था।

आरोप है कि सभी इलाके में दबंगई करते फिरते हैं।पीड़ित का कहना है कि उसने पूरामुफ्ती थाने में मामले की लिखित शिकायत की है। हालांकि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उधर इस मामले में पुरामुफ्ती थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह का कहना है कि उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित