नयी दिल्ली , जून 24 -- गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उस समय एक बड़ी दुर्घटना टल गयी जब एयर इंडिया का एक विमान गलती से उसी रास्ते पर आ गया जहां इंडिगो का एक विमान पहले से मौजूद था और उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने यहां जारी बयान में बताया कि बुधवार को उड़ान संख्या एआई2493 मुंबई से अहमदाबाद पहुंची और उसने लैंडिंग के बाद विमान ने अनजाने में गलत मोड़ ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, घटना शाम करीब आठ बजे की है। इसमें शामिल एयर इंडिया का विमान ए320 था।
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया गया। बाद में विमान को सुरक्षित ढंग से पार्किंग में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि नियामक एजेंसियों को घटना की जानकारी दे दी गयी है।
इंडिगो के सूत्रों का कहना कि उसका विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। वह अपने नियत स्थान पर खड़ा था। इसमें इंडिगो के पायलटों की कोई गलती नहीं है।
एयर इंडिया ने मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित