रायसेन , अक्टूबर 28 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय में एसडीएम कार्यालय के सामने बुधवार दोपहर एक गर्भवती महिला ने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। महिला प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती थी, लेकिन अचानक अस्पताल से निकलकर एसडीएम कार्यालय के पास पहुंच गई, जहां उसका प्रसव हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए महिला और नवजात को जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत स्वस्थ बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, रायसेन जिले के ग्राम बारला निवासी बबीता को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह अचानक अस्पताल से बाहर निकल गई और एसडीएम कार्यालय के सामने सड़क पर ही प्रसव हो गया। महिला ने पुत्र को जन्म दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय युवाओं की मदद से प्रसूता और नवजात को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल ओढ़ ने बताया कि महिला मानसिक घबराहट या किसी अन्य कारण से अस्पताल से बाहर चली गई थी। समय पर स्थानीय युवाओं की मदद मिलने से मां और बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित