धार , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश के धार शहर स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल में रात के समय हंगामा करने, महिला स्टाफ के साथ अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार गुलमोहर कॉलोनी निवासी मोईन खान अपने दो साथियों के साथ रात में लाइफ केयर हॉस्पिटल पहुंचा था। आरोपियों ने अस्पताल संचालक डॉ. जमील शेख के केबिन में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया। रिसेप्शन पर मौजूद महिला स्टाफ ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी कथित रूप से उसके साथ अभद्रता करने लगे।

अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने परिसर में हंगामा करते हुए स्टाफ के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के आने की भनक लगते ही तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित स्टाफ की शिकायत के आधार पर मोईन खान और उसके दो साथियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट तथा बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर तलाश की जा रही है।

इधर, अस्पताल संचालक डॉ. शेख ने एक अलग शिकायत में आरोप लगाया है कि महिला कॉलेज की मान्यता रद्द कराने का डर दिखाकर संस्थान और अस्पताल से अवैध रूप से पैसे की मांग की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर संस्थान की छवि खराब करने की धमकी दी जा रही है। डॉ. शेख के अनुसार इस संबंध में अधिवक्ता के माध्यम से एक महिला को एक करोड़ रुपये की मानहानि का लीगल नोटिस भी भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित