भीलवाड़ा , अप्रैल 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गंगापुर अस्पताल में गुरुवार को सुबह पेट दर्द की शिकायत लेकर जांच कराने आई एक महिला ठगी का शिकार हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि काली (45) पत्नी मदनलाल पारीक पेट दर्द के कारण अपने पति के साथ गंगापुर अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टर ने उसे सोनोग्राफी और खून की जांच लिखी थी। इसी दौरान अस्पताल परिसर में एक अज्ञात महिला काली के पास आई और खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताकर मदद का भरोसा दिलाया।
शातिर महिला ने काली को झांसे में लेते हुए कहा कि जांच से पहले उसे अपने पहने हुए जेवर उतारने होंगे। काली उसकी बातों में इस कदर उलझ गई कि उसने पास ही खड़े अपने पति को गहने देने के बजाय उस अज्ञात महिला को सौंप दिए। इन गहनों में सोने का मांदलिया, मोती, कान की झुमरिया, चांदी का कड़ा, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज शामिल थे। ठग महिला यह कहकर वहां से खिसक गई कि नंबर आने पर वह उसे बुला लेगी, लेकिन वह फिर नहीं लौटी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित