मोतिहारी , अक्टूबर 6 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में न्यायिक अभिरक्षा में बंद 52 वर्षीय सुधीश राम की सोमवार को मोतिहारी सदर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत के बाद पुलिस की संवेदनशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
अस्पताल में उपचार के दौरान बंदी के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बंधन की तस्वीर सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठे हैं।
कोटवा थाना क्षेत्र के बड़हरवा कला निवासी सुधीश को उत्पाद अधिनियम के एक मामले में 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने के बाद 30 सितंबर को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गयी।
डीआईजी हरिकिशोर राय ने मामले को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए कहा कि अस्पताल में इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति से पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित