राजनांदगांव , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला चिकित्सालय परिसर में वर्षों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को एक दुकान को तालाबंद कर सील कर दिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जीवन दीप समिति के निर्णय के तहत जिला चिकित्सालय परिसर में आबंटित दुकानों का लंबित किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सीलिंग एवं आबंटन निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के तहत ममता चन्द्राकर को आबंटित उत्तरमुखी दुकान क्रमांक-8 को सील किया गया। संबंधित दुकान का किराया जुलाई 2015 से लंबित था। कार्यालय सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय राजनांदगांव द्वारा बकाया राशि जमा करने के लिए अंतिम स्मरण नोटिस भी जारी किया गया था।
इसके बावजूद निर्धारित अवधि तक एक लाख 79 हजार 666 रुपये की बकाया राशि जमा नहीं किए जाने पर प्रशासन ने दुकान को तालाबंद कर सील कर दिया।
प्रशासन ने परिसर में संचालित अन्य दुकानदारों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया किराया जमा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि समय सीमा के भीतर किराया जमा नहीं करने वाले अन्य दुकानदारों के खिलाफ भी नियमानुसार सीलिंग और आबंटन निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित