रोहतास , अगस्त 30 -- रोहतास जिले में सासाराम नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल में रविवार को जच्चा बच्चा दोनो की मौत के बाद परिजनों ने वहां काम करने वाले डॉक्टरों एवं कर्मियो की लापरवाही पर सवाल उठाए और जमकर हंगामा किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चेनारी की रहने वाली आशा देवी को प्रसव के लिए सासाराम के सदर अस्पताल में स्थित मातृ शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और पेट मे पल रहे बच्चे दोनो की मौत हो गई। आरोप है कि देर रात अस्पताल में डॉक्टर नहीं थे तथा नर्सों ने ही प्रसव को अंजाम देने की कोशिश की।

इसके बाद डॉक्टरों की अनुपस्थिति में प्रसव पीड़ा के बाद आशा देवी की मौत हो गई और परिजनो ने इसे लापरवाही करार देते हुए हंगामा शुरू किया।

मृतक गर्भवती महिला आशा देवी का मायका करगहर थाना क्षेत्र के कुसही गांव था। मौत की इस खबर के बाद वहां से भी बहुत लोग अस्पताल पहुंच गए। लोगों के आक्रोश को देखते हुए अस्पताल के डॉक्टर तथा स्वास्थ्य कर्मी भाग गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित