कोरबा , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अस्पताल कर्मचारी की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार घटना गत 30 मार्च की है, जब जिला मेडिकल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में ड्यूटी के दौरान आरोपी सरपंच जयवीर सिंह तंवर उर्फ राजेश ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारी जी. बाल कृष्ण चनाइया के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपी ने उनका कॉलर पकड़कर दीवार में पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।

घायल कर्मचारी को उपचार के लिए जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान छह अप्रैल को उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पोस्टमार्टम कार्य बंद कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। प्रशासन के आश्वासन के बाद ही पोस्टमार्टम कार्य पुनः शुरू किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम बेंदरकोना, पटेलपारा का सरपंच है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मृतक जी. बाल कृष्ण चनाइया (61) पिछले 36 वर्षों से पोस्टमार्टम कार्य में कार्यरत थे। उनके निधन से अस्पताल स्टाफ में शोक की लहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित