रायपुर , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के 6 वर्षीय बाल प्रतिभा 'गूगल बॉय' रुद्र शर्मा को आज लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा सम्मानित किया गया। रुद्र ने अपने अभिभावकों के साथ राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की।

कक्षा पहली के छात्र रुद्र ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति का परिचय देते हुए सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों के सटीक उत्तर देकर सभी को प्रभावित किया। उसने यूपीएससी और पीएससी स्तर के प्रश्नों के उत्तर भी सहजता से दिए।

मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने रुद्र से छत्तीसगढ़ के गठन, राज्य की विशेषताओं और भारतीय संविधान से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका रुद्र ने बिना झिझक सही जवाब दिया।

रुद्र की प्रतिभा और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर राज्यपाल ने उसकी सराहना की और लोक भवन की ओर से उसे प्रमाण पत्र प्रदान किया। साथ ही उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर रुद्र की माता पायल शर्मा और नाना विनोद शर्मा भी उपस्थित रहे, जिन्होंने उसकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित