रायपुर , जून 13 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने असम के जोरहाट में हुई विमान दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के पांच जवानों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने शोक संदेश में कहा कि असम के जोरहाट में हुई विमान दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के पांच वीर जवानों के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के प्रति समर्पित इन वीर सपूतों का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित