ईटानगर , अप्रैल 30 -- अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में असम राइफल्स ने खुफिया सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएससीएन (खांगो) से जुड़े एक उग्रवादी और एक जमीनी कार्यकर्ता (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया है।
रक्षा सूत्रों के अनुसार यह अभियान 28 अप्रैल को रीमा-पुटोक सर्कल क्षेत्र में चलाया गया, जहां सुरक्षा बलों को एक ओजीडब्ल्यू के सशस्त्र नागा उग्रवादी के संपर्क में होने की विशेष जानकारी मिली थी।
सटीक सूचना और स्थानीय स्रोतों से पुष्टि के बाद शुरू किये गये समन्वित अभियान में कमनोंग पांगथा, जो एनएससीएन (खांगो) से संबद्ध बताया गया है, तथा चांगलांग निवासी ओजीडब्ल्यू गोपांग नेगिमू को पकड़ा गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों चांगलांग और जयरामपुर क्षेत्रों में सक्रिय रूप से उगाही गतिविधियों में शामिल थे तथा स्थानीय युवाओं की उग्रवादी संगठनों में भर्ती कराने में भूमिका निभा रहे थे।
जांच में यह भी संकेत मिला कि गिरफ्तार ओजीडब्ल्यू एनएससीएन (खांगो) के कैडरों को एनएससीएन (अंगमाई) गुट में शामिल कराने की कोशिश कर रहा था, ताकि रीमा-पुटोक क्षेत्र में दूसरे गुट की पकड़ मजबूत की जा सके।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बरामद सामान सहित स्थानीय पुलिस को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क, जबरन वसूली तंत्र और भर्ती प्रयासों को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय उग्रवादी गुटों के बीच प्रभाव विस्तार की कोशिशों के मद्देनजर यह अभियान क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित