गुवाहाटी , मई 10 -- असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने रविवार को हिमंत बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया है। इस फैसले के साथ ही उनके लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया।
इस अवसर पर यहां आए केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि भाजपा के आठ विधायकों ने विधायक दल के नेता के रूप में श्री सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इससे पहले आज सुबह असम भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में श्री नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए 126 सदस्यीय विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत राजग ने प्रचंड जीत हासिल की है। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीती हैं, जबकि उनके गठबंधन सहयोगियों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस दो तिहाई बहुमत के साथ राजग ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है।
श्री सरमा और राजग के अन्य नेताओं का आज शाम लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करने का कार्यक्रम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित