विद्या शंकर राय सेलखनऊ , मई 08 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हाल ही में सम्पन्न हुए असम विधानसभा चुनाव में शानदार सफलता मिली है और वहां तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा के रणनीतिकार अपनी कुशल रणनीति के दम पर वहां जीत की हैट्रिक लगाने में कामयाब हुए। असम के प्रभारी हरीश द्विवेदी का कहना है कि जिस तरह से भाजपा को असम की जनता का समर्थन मिल रहा है उसके पीछे असली कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पूर्वोत्तर के विकास को लेकर सोच है। पिछले दस वर्षों में असम में विकास के जितने काम हुए हैं उतना अभी तक नहीं हुआ था।
असम विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली शानदार जीत के बाद असम के प्रभारी हरीश द्विवेदी ने यूनीवार्ता से विशेष बातचीत के दौरान चुनाव एजेंडे और पार्टी की नीतियों को लेकर विस्तार से बात की।
श्री द्विवेदी ने कहा कि जनता ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए विकास की राह चुनी है। पिछले दस वर्षों में केंद्र सरकार ने कई योजनाएं लागू की हैं जिसका सीधा लाभ जनता को मिला है। इसी का परिणाम है कि आज पूर्वोत्तर भी विकास से अछूता नहीं है।
भाजपा नेता और प्रभारी द्विवेदी से यह पूछे जाने पर कि असम में 2026 का जनादेश भाजपा के लिए कितना महत्वपूर्ण है, उन्होंने कहा, '' असम विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत केवल भाजपा के लिए नहीं पूरे असम और पूर्वोत्तर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पूर्व की सरकारों के उपेक्षात्मक रवैये की वजह से ही अब तक असम और पूर्वोत्तर की जनता विकास के मुख्य एजेंडे से कटी हुई थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने जिस तरह से पूर्वोत्तर में केंद्रीय सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया उससे जनता में पीएम मोदी के प्रति विश्वास बढ़ा है।''उन्होंने कहा कि असम की जनता को लगता था कि बीजेपी की सरकार उनके हितों का ख्याल रख रही है। लगातार तीसरी बार असम में भाजपा की सरकार बन रही है उसके पीछे कारण यही है कि यहां की जनता ने विकास के एजेंडे और घुसपैठियों के मुद्दे को लेकर भाजपा में अपना विश्वास व्यक्त किया है। उन्हें आशा है कि सरकार लगातार घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रखकर काम करेगी और वहां के चाय बागानों में काम कर रहे मजदूरों के लिए भी और बेहतर कदम उठाने का काम करेगी।
भाजपा की सरकार घुसपैठियों के मुद्दे पर कितना कारगर कदम उठाएगी, इस सवाल के जवाब में असम प्रभारी द्विवेदी ने कहा कि घुसपैठियों का मुद्दा हमेशा से भाजपा सरकार के एजेंडे में रहा है। पिछली दो सरकारों में भी इस दिशा में सरकार ने ठोस काम किया है। घुसपैठियों के चंगुल से सरकार ने लाखों एकड़ भूमि मुक्त कराई है जिससे जनता के मन में सरकार के प्रति विश्वास जगा है। असम में शांति और सुरक्षा का बेहतर माहौल है। अब कोई घुसपैठिया वहां की आम जनता को परेशान करने की हिमाकत नहीं कर सकता है। घुसपैठियों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूरी तरह से गंभीर हैँ। मुख्यमंत्री हिमांत विश्वशर्मा ने जिस तरह से इसको लेकर काम किया है उससे जनता पूरी तरह से संतुष्ट है।
असम में प्रभारी हरीश द्विवेदी से जब यह पूछा गया कि विपक्ष का आरोप है कि 2023 के परिसीमन में जानबूझकर अल्पसंख्यक प्रभाव वाली सीटों की संख्या कम कर दी गई, इसपर उन्होंने कहा, '' जब विपक्ष और खासतौर से कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं होता है तो वह इसी तरह की बातों को सामने लाकर जनता को गुमराह करने का काम किया जाता है। आप ही बताइए, असम में तो 2023 से पहले भी भाजपा की सरकार बनी थी तब हम कैसे जीत गए। तब तक अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर हमने कुछ नहीं किया था। यह विपक्ष का मानसिक दिवालियापन है।''भाजपा नेता से पूछे जाने पर कि पार्टी दस साल से सत्ता में काबिज थी, क्या उसके खिलाफ सत्ता विरोधी लहर नहीं थी, उन्होंने कहा कि असम में एंटी इनकम्बेंसी नहीं बल्कि प्रो इनकम्बेंसी थी। जनता को भाजपा सरकार की नीतियों और दावों पर विश्वास था। सरकार ने असम में डेढ लाख से ज्यादा नौकरियों का सृजन किया है जो अब तक किसी भी सरकार ने नहीं किया है। वहां की जनता यह सब देख रही है। कांग्रेस अक्षमता का शिकार हो चुकी है। उनके पास बहाने बनाने के अलावा कुछ नहीं है। असम के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में ऐतिहासिक कार्य किया है जिसकी वजह से जनता ने तीसरी पर उन पर भरोसा जताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित