नयी दिल्ली , अक्टूबर 15 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और असम पुलिस की सराहना की है।
श्री शाह ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि राज्यव्यापी अभियान में 945 आरोपी गिरफ्तार किए गए, 547 मामले दर्ज हुए और 182 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए गए। इसके अलावा, 703 से अधिक नशे के ठिकानों पर कार्रवाई की गई और करीब 31 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त करने या कुर्क करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और असम पुलिस ने इस दिशा में सराहनीय काम किया है।
असम पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को राज्यभर में यह कार्रवाई की। अभियान से पहले भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई थी।
गैर-जमानती वारंट के 73 मामलों में कार्रवाई की गई और फरार 47 लोगों को पकड़ा गया। इनमें पूर्वोत्तर के दूसरे राज्यों के 10 लोग शामिल हैं। नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई के लिए 157 प्रस्तावों की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
अभियान के दौरान सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद कानून के तहत 2,229 छापे मारे गए। कुल 3,662 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच और 2,943 शिक्षण संस्थानों का सर्वेक्षण किया गया। इसके अलावा, 1,34,539 लीटर शराब जब्त की गई या नष्ट की गई।
नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए 633 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 1,12,532 नागरिकों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के लक्ष्य के तहत मादक पदार्थ नियंत्रण का विजन दस्तावेज 2026-29 नशे के नेटवर्क को खत्म करने, उनकी आर्थिक ताकत पर चोट करने और युवाओं की सुरक्षा के संकल्प को दोहराता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित