बरपेटा , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि असम को 'लव जिहाद' और 'लैंड जिहाद' की धरती नहीं बनने दिया जाएगा।
श्री आदित्यनाथ ने असम के बरपेटा में अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू करते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार दीपक कुमार दास के समर्थन में वोट की अपील की और कांग्रेस तथा संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि असम को 'लव जिहाद' और 'लैंड जिहाद' की धरती नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तो चुनाव से पहले ही मैदान छोड़ दिया है, जबकि अब समय आ गया है कि 'यूडीएफ को बंगाल की खाड़ी में फेंक दिया जाए।'.उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि राजग सरकार हर एक घुसपैठिए की पहचान करने और उसे बाहर निकालने के लिए दृढ़ संकल्पित है और राज्य की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को बदलने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यूडीएफ को 'घुसपैठ की जननी' बताते हुए कहा कि कांग्रेस यूडीएफ की सहयोगी बनकर असम की संस्कृति से छेड़छाड़ कर रही है, जबकि राजग सरकार राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने असम की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कामाख्या मंदिर, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और महान संत श्रीमंत शंकरदेव का उल्लेख किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए दावा किया कि अब यह राज्य दंगा-मुक्त और कर्फ्यू-मुक्त हो चुका है। उन्होंने जोर दिया कि कानून-व्यवस्था के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाता और दंगाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित