अलवर , मई 13 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के 15 मई को राजस्थान के अलवर दौरे के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रवि जैन बुधवार को अलवर पहुंचे और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर में प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। अलवर रेलवे स्टेशन पर करीब 111 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। जिनका श्री वैष्णव शिलान्यास करेंगे। इनमें अत्याधुनिक एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज, दोनों प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण शामिल है। रेलवे द्वारा इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है।

उधर, इसी दिन राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी अलवर दौरा प्रस्तावित है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सहित राज्य स्तर के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित