वाराणसी , सितंबर 8 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काशी क्षेत्र में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के विस्तार के तहत कार्य विभाजन को और स्पष्ट किया गया है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने मंगलवार को क्षेत्र कार्यसमिति में कार्य विभाजन का विस्तार करते हुए भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं काशी क्षेत्र कार्यसमिति के सदस्य डॉ. उत्तम ओझा को काशी क्षेत्र के सभी प्रकोष्ठों एवं विभागों का प्रभार सौंपा।
संगठन की दृष्टि से इसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है। डॉ. ओझा अब क्षेत्र के विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ ही उनके संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति देने की जिम्मेदारी संभालेंगे। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. ओझा से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि संगठन में उनके लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका का लाभ काशी क्षेत्र के सभी प्रकोष्ठों एवं विभागों को मिलेगा। उनके मार्गदर्शन में प्रकोष्ठों एवं विभागों के कार्यक्रमों में बेहतर समन्वय और संगठनात्मक सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई गई।
भाजपा काशी क्षेत्र के प्रवक्ता नवरतन राठी ने बताया कि क्षेत्र अध्यक्ष ने पूर्व में कार्य विभाजन के तहत क्षेत्र उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव को वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले पार्टी कार्यक्रमों का प्रभार सौंपा था। अब इस जिम्मेदारी में सहयोग के लिए क्षेत्र कार्यसमिति के सदस्य अनिल गुप्ता को भी अनिल श्रीवास्तव के साथ जोड़ा गया है।
दोनों पदाधिकारी वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के कार्यक्रमों के आयोजन, समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में सहयोग करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित