नयी दिल्ली , अप्रैल 28 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अशोका रोड पर पर सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान यज्ञ भाटिया (20) और अभव भाटिया (14) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, संसद मार्ग थाना क्षेत्र में अशोका रोड स्थित महादेव रोड टी-प्वाइंट, पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने रात करीब 10:30 बजे दुर्घटना की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों भाई आईपीएल मैच देखकर घर लौट रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल की एक मालवाहक वाहन से टक्कर हो गयी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सड़क पर अचेत अवस्था में पाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला अपराध टीम ने मौके का निरीक्षण कर फोरेंसिक जांच की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित