बिलासपुर , सितंबर 17 -- ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और साफ-सफाई में गंभीर खामियां मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सकरी स्थित सुरेश कॉफी हाउस को सील कर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है। प्रतिष्ठान से आलू गुंडा का नमूना लेकर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग के जिला अधिकारी आरआर देवांगन ने आज बताया कि बुधवार को सकरी स्थित सुरेश कॉफी हाउस का अचानक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों को साफ-सफाई का ध्यान रखे बिना तैयार किया जा रहा था। परिसर का फर्श गीला मिला, सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी और दीवारों पर जाले पाए गए।

उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थ तैयार करने के बाद उन्हें सुरक्षित तरीके से रखने की समुचित व्यवस्था भी नहीं मिली। प्रतिष्ठान में पेस्ट कंट्रोल नहीं कराया गया था और खाद्य पदार्थ बनाने वाले कर्मचारियों की मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित