श्रीगंगानगर , फरवरी 09 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान पुलिस ने चार व्यक्तियों को मादक पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने सोमवार को बताया कि सादुलशहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कल देर रात उदयपाल बिश्नोई (50) को गिरफ्तार करके उससे 140 ग्राम अफीम और 520 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया।

पदमपुर थाना क्षेत्र में पंकज सिंधी (31) से 6.43 ग्राम हेरोइन बरामद की गयी। इसी थाना क्षेत्र में मनप्रीतसिंह उर्फ मन्नू अरोड़ा सिख (34) को गिरफ्तार करके उससे 7.09 ग्राम हेरोइन और 600 नशे के कैप्सूल्स बरामद किये।

चूनावढ थाना प्रभारी रामप्रताप ने चक 9-ए से चक 5-जी सहारणावाली जाने वाले कच्चे मार्ग पर कपिल शर्मा (32) को गिरफ्तार करके उससे 20 ग्राम हेरोइन और 950 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पकड़े गए इन आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित