बड़वानी , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस की संयुक्त टीम ने सिकलीगर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर पांच हथियार और निर्माण सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि यह कार्रवाई रविवार को सेंधवा ग्रामीण, सेंधवा शहर और नागलवाड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के खुरमाबाद गांव में की। पुलिस को सूचना मिली थी कि खुरमाबाद के सिकलीगर मोहल्ले में अवैध हथियार बनाने और बेचने का काम किया जा रहा है तथा बाहरी लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सूचना के आधार पर तीन विशेष टीमें गठित कर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुरमाबाद निवासी कमल सिंह चावला और रिशपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार कमल सिंह के खिलाफ पूर्व में चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कमल सिंह से तीन देशी कट्टे, तीन कारतूस और हथियार बनाने की सामग्री, जबकि रिशपाल सिंह से एक हस्तनिर्मित रिवाल्वर, एक कट्टा, दो कारतूस और निर्माण सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने हथियार निर्माण और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के संभावित ठिकानों की पहचान के लिए गांव के बाहरी क्षेत्रों में ड्रोन से मैपिंग और सर्चिंग भी शुरू की है। सेंधवा ग्रामीण थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह चौँगड़े ने बताया कि दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित