भिण्ड , मई 13 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग अंतर्गत असवार थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहा था।

थाना प्रभारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटवारी के कुएं के समीप एक संदिग्ध युवक खड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही युवक मोटरसाइकिल से भागने लगा। पुलिस जवानों ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान युवक की पैंट की जेब से 315 बोर का एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मेहर किशोर वर्मा निवासी ग्राम कुशमरा, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित