अमृतसर , अप्रैल 20 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय और सीमा पार से जुड़े अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह पिस्तौल तथा सात कारतूस बरामद किये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेश से अवैध हथियार हासिल कर रहे थे और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों केसंपर्क में थे। ये आरोपी सीमा पार हथियार तस्करी को बढ़ावा देने के साथ-साथ पंजाब में आपराधिक तत्वोंको हथियार आपूर्ति कर रहे थे।

इस संबंध में थाना सिविल लाइंस, अमृतसर में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और आगे-पीछे के लिंक की जांच के लिए विस्तृत जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि अवैध हथियार तस्करी, संगठित अपराध और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि पंजाब को सुरक्षित और संरक्षित बनाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित