यमुनानगर , अक्टूबर 22 -- हरियाणा में यमुनानगर की अपराध शाखा-2 की टीम ने अवैध हथियारों के साथ दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिला पुलिस को अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए हुए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत अपराध शाखा-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए त्रिकोणी मोड़ रादौर पर बस से उतरकर अंबाला-शामली हाईवे की ओर जा रहे हैं। सूचना पर एएसआई सुनील कुमार, अरुण कुमार, मुख्य सिपाही विजय, अंकित, अमित और अनिल की टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को काबू किया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान जिला करनाल के गांव रंभा निवासी प्रिंस कुमार पुत्र जोगिंदर और कुरुक्षेत्र के गांव बीड़ अमीन निवासी अनुज कुमार उर्फ पंडित पुत्र सत्यवान के रूप में हुई। तलाशी में प्रिंस के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौलऔर पांच कारतूस तथा अनुज के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित