बिलासपुर , अप्रैल 02 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंडरवा गांव में अवैध संबंध के शक में बुधवार देर रात एक ही परिवार पर किए गए हमले में एक महिला की मौत हो गयी जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरेश श्रीवास अपने दो बेटों सुमित और नैतिक श्रीवास के साथ शेख सलीम और चांदी खान पर हमला करने उनके घर पहुंचा था। दोनों के नहीं मिलने पर आरोपियों ने घर में मौजूद अन्य सदस्यों पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में शेख सलीम की मां मुराद बी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य परिजनों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के पीछे अवैध संबंध का विवाद है। आरोपी को अपनी पत्नी और शेख सलीम के बीच संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने पहले पत्नी को तलाक दे दिया था। इसके बावजूद उसने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
वारदात के बाद फरार हुए तीनों आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित