बांदा , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों को लेकर हुई हिस्ट्रीशीटर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने मंगलवार को बताया कि तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलीकौर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू (40) सोमवार देर रात मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी गांव स्थित मौरंग खदान क्षेत्र में गया था। वहां वह दुरेड़ी गांव निवासी संजू और सागर के साथ एक प्लॉट में बैठकर शराब पी रहा था।
उन्होंने बताया कि शराब के नशे में अवैध संबंधों को लेकर बातचीत के दौरान तीनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर संजू और सागर ने धर्मेंद्र के साथ मारपीट की और डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से शराब की बोतलें, नमकीन के पैकेट सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए तथा फोरेंसिक टीम ने वैज्ञानिक जांच की। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया और तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
एएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई। मंगलवार को पुलिस ने सागर और संजू को मौरंग खदान तिराहा, केन नदी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित