देवास , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश में देवास जिले के ग्राम चंदाना और बिंजाना में पिछले दिनों हुई मौतों के बाद जहरीली शराब पीने से मौत होने के आरोप सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के मामले में विनोद जायसवाल सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पुलिस अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, विनोद जायसवाल पर ग्राम चंदाना में भी अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप हैं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों की कार से शराब की छह पेटियां बरामद की गईं। पुलिस ने कार सहित कुल 7 लाख 25 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
सीएसपी सुमित अग्रवाल के अनुसार, आरोपी विनोद जायसवाल कहीं भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ग्राम चंदाना और बिंजाना में हुई मौतों तथा जहरीली शराब के आरोपों के संबंध में मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित