रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखन लाल देवांगन ने बुधवार को प्रदेश में मदिरा के अवैध परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश देते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध शराब कारोबार में किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।

श्री देवांगन ने नवा रायपुर स्थित जीएसटी भवन में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जिलेवार कार्ययोजना तैयार करने, दुकानवार समीक्षा करने और अनुशासित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आबकारी विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा, विशेष सचिव देवेन्द्र भारद्वाज सहित विभागीय अधिकारी और विभिन्न जिलों के मैदानी अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में मंत्री ने अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थापित आबकारी जांच चौकियों को पड़ोसी राज्यों से आने वाली शराब की रोकथाम के लिए सक्रिय अभियान चलाने तथा सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि आबकारी उपनिरीक्षक और मैदानी अमला अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

उन्होंने विभाग में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप स्टॉक उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री रोकने के निर्देश भी दिए। दुकानों में उपलब्ध मदिरा को नियमानुसार दर सूची सहित रैक में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

श्री देवांगन ने राजस्व लक्ष्य की जिलेवार समीक्षा करते हुए लक्ष्य प्राप्त करने वाले जिलों को कार्य जारी रखने तथा पीछे चल रहे जिलों को कारणों की समीक्षा कर सुधारात्मक कार्ययोजना लागू करने को कहा। उन्होंने मदिरा में मिलावट रोकने के लिए आकस्मिक निरीक्षण करने और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल हटाकर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

बैठक में मदिरा दुकानों में पेटीएम और अन्य कैशलेस भुगतान व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए अलग काउंटर स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

आबकारी सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने प्रदेश में संचालित बार, क्लब, होटल और ढाबों की आकस्मिक जांच करने तथा निर्धारित समय के बाद संचालन या अवैध मदिरा विक्रय करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध मदिरा और अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन और तस्करी पर नियंत्रण के लिए आवश्यकतानुसार पुलिस विभाग का सहयोग लेने को भी कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित