धार , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत व्यापक कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 45 प्रकरण दर्ज किए और 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला महुआ लाहन जब्त किया गया।
कलेक्टर राजीव रंजन मीणा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में विभागीय टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ सर्चिंग अभियान चलाकर होटल, ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। विभाग के अनुसार जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब से संबंधित कोई प्रकरण सामने नहीं आया है। हालांकि संभावित स्थिति को देखते हुए विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और जब्त शराब के नमूने नियमानुसार लेकर उनकी सैंपलिंग कराई जा रही है।
अभियान के दौरान धरमपुरी में छह, गंधवानी में पांच, सरदारपुर में छह, धार में पांच, बदनावर में पांच, कुक्षी में चार और सागौर में तीन प्रकरण अवैध शराब की बिक्री से संबंधित दर्ज किए गए। इसके अलावा संयुक्त टीम ने सूरजपुरा नाले, सूरजपुरा तालाब के किनारे तथा सादी नदी और मूसपुरा क्षेत्र में दबिश देकर कुल 5,600 लीटर गुड़-लाहन और 75 लीटर कच्ची शराब जब्त की तथा पांच प्रकरण दर्ज किए।
आबकारी विभाग ने अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे महुआ लाहन के खिलाफ भी कार्रवाई की है। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के संभावित ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है। सहायक आबकारी आयुक्त श्री अवस्थी ने जिले के सभी वृत्त अधिकारियों और सहायक जिला आबकारी अधिकारियों की बैठक लेकर लगातार सर्चिंग अभियान चलाने तथा जब्त मदिरा के नमूने समय-समय पर लेने के निर्देश दिए हैं। अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए विभाग ने विशेष निगरानी और कार्रवाई की रणनीति तैयार की है।
सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी ने बताया कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध शराब के परिवहन और विक्रय के खिलाफ विभागीय टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब से संबंधित कोई प्रकरण सामने नहीं आया है, लेकिन विभाग पूरी तरह अलर्ट है। जब्त शराब की सैंपलिंग भी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई और डॉ. निलेश नेमा सहित आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला, संग्राम सिंह गोरे, मुनेंद्र जादौन, अश्विनी रोजड़े, वर्षा राजपूत, जितेंद्र राठौर तथा धार, सागौर, सरदारपुर और बदनावर की संयुक्त टीमें शामिल रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित