कपूरथला , मई 06 -- पंजाब में कपूरथला जिले के आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5000 लीटर लाहन बरामद कर मौके पर नष्ट कर दी।
जिला आबकारी अधिकारी सुखजीत सिंह चाहल ने बुधवार को बताया कि उप आयुक्त (आबकारी) जालंधर जोन सुरिंदर कुमार गर्ग और सहायक आयुक्त (आबकारी) कपूरथला रेंज नवजीत सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में अवैध शराब की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार सुबह पांच बजे आबकारी विभाग की टीम ने गांव शिव दयाल के मंड क्षेत्र में दरियाई रास्ते से नाव के जरिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान टीम ने नदी पार से करीब 5000 लीटर लाहन बरामद की, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक जतिंदरपाल सिंह (सुल्तानपुर सर्कल) तथा आबकारी पुलिस स्टाफ शामिल रहा। श्री चाहल ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए विभाग की ओर से भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित