बैतूल , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जनसमस्याओं के समयबद्ध निराकरण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर ने आबकारी विभाग को जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से चोपना और सालबर्डी क्षेत्र में सघन कार्रवाई करने तथा अवैध खनन के मामलों में भी संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निजी विद्यालयों में फीस और पाठ्यपुस्तकों की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि पर निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विद्यालयों में पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जनसहयोग से विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त बेंच की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान समय-सीमा से बाहर आवेदन लंबित पाए जाने पर चोपना के नायब तहसीलदार पर अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा।

बैठक में एमपीआरडीसी को प्रभातपट्टन के चारसी और सालबर्डी क्षेत्र की खराब सड़कों की मरम्मत तथा रोड मार्किंग कराने के निर्देश दिए गए। सभी स्थानांतरित पटवारियों को तत्काल नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश देते हुए ऐसा नहीं करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसके अलावा बाशिंदा, ग्वासेन और ढोंडरामहू सहित अन्य गांवों में विद्युत आपूर्ति में सुधार के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा तहसीलदारों को छात्रावासों, आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीमपुर के ग्राम करिंदा में जलभराव की समस्या के शीघ्र समाधान तथा दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस प्रणाली और एम्बुलेंस सेवाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

बैठक में बिना अनुमति अधिकारी-कर्मचारियों के अटैचमेंट पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के आचरण का उल्लेख उनकी सेवा पुस्तिका में भी किया जाएगा।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत जामठी में जनजातीय भूमि पर दुकान निर्माण के मामले में सरपंच को नोटिस जारी करने तथा संबंधित सचिव के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण कार्यों में प्रगति नहीं होने पर संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के विरुद्ध वेतन वृद्धि रोकने जैसी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक के अंत में कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और पूर्वाभ्यास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित