मुरैना , जुलाई 9 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की अंबाह थाना पुलिस ने चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से भरी तीन ट्रालियां जब्त कर राजसात की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दी हैं। जब्त ट्रालियों की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नयाबास-बरसला घाट क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से अवैध रेत से भरी तीन ट्रालियां जब्त कर उन्हें आगे की राजसात कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द कर दिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही रेत माफिया ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित