मुरैना , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल राजघाट क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ टास्क फोर्स की कार्रवाई लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। शनिवार को संयुक्त टास्क फोर्स ने जेसीबी मशीनों की सहायता से लगभग 1500 ट्रॉली अवैध रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अब तक टास्क फोर्स द्वारा चार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध रेत भंडारण का विनष्टीकरण किया जा चुका है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर, सघन और प्रभावी संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।

शनिवार 7 फरवरी को चंबल राजघाट (भानपुर) एवं पिपरई क्षेत्र में वन विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा कार्रवाई करते हुए लगभग 1500 ट्रॉली अवैध चंबल रेत का विनष्टीकरण किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई गई है।

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिला टास्क फोर्स की बैठक में अवैध रेत उत्खनन को लेकर सख्त निर्देश दिए थे कि इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के विरुद्ध यह संयुक्त कार्रवाई आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी। रेत विनष्टीकरण की प्रक्रिया में 4 जेसीबी, 4 लोडर और 1 एलएनटी मशीन का उपयोग किया गया।

कार्यवाही के दौरान वनमंडलाधिकारी हरिश्चंद्र बघेल के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र डाबर, एसडीएम बीएस कुशवाह, जिला खनिज अधिकारी सुखदेव निर्मल, पुलिस लाइन के आरआई, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के एसडीओ सहित संबंधित राजस्व अमला उपस्थित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित