बैतूल , सितंबर 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ मुलताई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरा एक डंपर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक डंपर अवैध रूप से रेत भरकर हिवरखेड़ से मुलताई की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर मुलताई पुलिस सूचना के आधार पर मुलताई पुलिस ने खंबारा टोल के पास घेराबंदी की। इस दौरान रेत से भरे डंपर को रोककर चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए।
चालक अजय (30), निवासी उमरेड, तहसील मोर्शी, थाना बेनोडा, रेत परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर डंपर को थाना मुलताई लाकर खनिज विभाग को सूचना दी। डंपर में भरी रेत के संबंध में अग्रिम कार्रवाई के लिए वाहन और प्रकरण खनिज विभाग को सौंप दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे और मुलताई एसडीओपी एसके सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गई।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अवैध रेत खनन या परिवहन की सूचना पुलिस अथवा संबंधित विभाग को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित