जगदलपुर , मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने बकावंड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है।
कलेक्टर आकाश छिकारा के सख्त निर्देशों के बाद खनिज विभाग की टीम लगातार संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में शनिवार 14 मार्च को तहसील बकावंड के ग्राम तारापुर में स्थित भस्कली नदी पर छापेमारी कर अवैध रूप से चल रहे रेत उत्खनन का भंडाफोड़ किया गया।
जिला पीआरओ से आज मिली जानकारी के अनुसार खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के नेतृत्व में गठित जाँच दल ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित इस नदी पर औचक निरीक्षण किया। टीम को मौके पर देखा गया कि बिना किसी वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर रेत का उत्खनन किया जा रहा है। खनन कार्य में लगी एक पोकलेन मशीन को टीम ने रंगेहाथ पकड़ा। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
अधिकारियों ने बताया कि यह क्षेत्र संवेदनशील है और यहाँ लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। खनिज विभाग ने आरोपियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस अभियान में जिला खनिज जाँच दल से सहायक खनिज अधिकारी जागृत गायकवाड़, खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे के साथ ही महादेव सेठिया, देवी राम और सहदेव शामिल रहे। खनिज अधिकारी शिखर चेरपा ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान भविष्य में और तेज किया जाएगा। संदिग्ध स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और बिना किसी भेदभाव के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा के संरक्षण के लिए विभाग पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और आम नागरिक भी अवैध खनन की सूचना विभाग को दे सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित