कोलकाता , अगस्त 18 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि मैंग्रोव के अवैध कटान से सुंदरबन में चक्रवात, ज्वारीय लहरों और बाढ़ से बचाव की प्राकृतिक क्षमता कमजोर हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार अक्टूबर से दिसंबर के बीच सुंदरबन में तीन करोड़ मैंग्रोव पौधे लगाएगी। श्री अधिकारी ने आरोप लगाया कि तटीय क्षेत्रों के कई हिस्सों में मैंग्रोव को अवैध रूप से काटकर साफ किया गया है।
श्री अधिकारी ने कहा कि टाकी से सागर तक वन और सिंचाई विभाग की जमीन पर भी अवैध कब्जे किए गए हैं और ऐसी जमीन पर ईंट एवं खपरैल की भट्टियां चल रही हैं।
उन्होंने कहा, "प्रकृति ने हमें मैंग्रोव के रूप में प्राकृतिक सुरक्षा दी है। मैंग्रोव हमारे प्राकृतिक रक्षक हैं।" उन्होंने तटीय क्षेत्रों में खोए हरित आवरण को फिर से बहाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
श्री अधिकारी ने कहा कि सुंदरबन में अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के दौरान तीन करोड़ मैंग्रोव पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा राज्य सरकार 2027 में 'विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)' के तहत 20 करोड़ पेड़ लगाने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा कि जब प्रकृति ने मैंग्रोव के रूप में सुरक्षा दी है तो सिंचाई बांधों की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अत्यधिक मौसम और ज्वारीय बाढ़ से बचाव में मैंग्रोव की भूमिका का उल्लेख किया।
श्री अधिकारी ने बताया कि आने वाले महीनों में राज्य में 12,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में करीब 50 लाख रुपये के कार्य कराए जाने की योजना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित