वाराणसी , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले की फूलपुर पुलिस ने फर्जी भारतीय पहचान और पासपोर्ट के आधार पर भारत में अवैध रूप से निवास कर रहे एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे वाराणसी से शारजाह जाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उसकी वास्तविक पहचान उजागर हो गई।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को एयर इंडिया एक्सप्रेस की वाराणसी-शारजाह उड़ान (आईएक्स-183) की प्रस्थान इमिग्रेशन जांच के दौरान ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (बीओआई) के अधिकारियों ने भारतीय पासपोर्ट संख्या वाई8558322 पर यात्रा कर रहे एक संदिग्ध यात्री को हिरासत में लिया। दस्तावेजों के सत्यापन और पूछताछ में उसकी वास्तविक पहचान अब्दुल रहमान ताराकी, पुत्र अब्दुल अजीज, निवासी जनपद गजनी (अफगानिस्तान) के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि अभियुक्त छह जनवरी 2019 को अफगान पासपोर्ट संख्या पी0158154 पर जारी मेडिकल अटेंडेंट वीजा के माध्यम से भारत आया था। उसका वीजा पांच अप्रैल 2019 को समाप्त हो गया था, लेकिन वह निर्धारित अवधि के बाद भी भारत में अवैध रूप से रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि भारत में अपनी अवैध मौजूदगी छिपाने के लिए उसने अपना नाम, जन्मतिथि तथा माता-पिता का विवरण बदलकर रहमान शाह के नाम से मुंबई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) से धोखाधड़ीपूर्वक भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया। इसी फर्जी पासपोर्ट के आधार पर वह विदेश यात्रा करने का प्रयास कर रहा था।
ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, बाबतपुर की तहरीर पर थाना फूलपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 337 एवं 340(2), पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम-2025 की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को विधिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वीजा समाप्त होने के बाद भारत में अवैध रूप से रहने के उद्देश्य से उसने फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर भारतीय पासपोर्ट हासिल किया था और उसी के आधार पर शारजाह जाने की कोशिश कर रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाण पत्र, मुंबई का डोमिसाइल प्रमाण पत्र, 750 अमेरिकी डॉलर, 2,255 यूएई दिरहम, 2,060 अफगानी मुद्रा तथा 3,110 रुपये भारतीय नकद बरामद किए। सभी दस्तावेज और बरामदगी को कब्जे में लेकर उनकी वैधानिकता की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, भारतीय पासपोर्ट बनवाने और पूरे षड्यंत्र में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित