मुरैना , मई 29 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संयुक्त टीम ने आज करीब एक हजार ट्रॉली अवैध रेत को नष्ट कर दिया।

पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद गठित टास्क फोर्स की टीम ने पुलिस, विशेष सशस्त्र बल और वन विभाग के अधिकारियों के साथ चंबल के रायडी घाट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान घाट के समीप लगभग एक हजार ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण पाया गया। संयुक्त टीम ने मौके पर जेसीबी मशीन की सहायता से रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया।

पुलिस के अनुसार नष्ट की गई रेत की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपए है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि टास्क फोर्स की टीम चंबल क्षेत्र के सभी घाटों पर लगातार निगरानी रख रही है और अवैध रेत उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित